संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,26सितंबर2026
प्रदेशभर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। इसके चलते निचले और नदी तटीय इलाकों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई हैं।अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा और टीला सहित नदी किनारे बसे कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले करीब 25 वर्षों में, क्षेत्र में इस तरह का भीषण जलभराव और तबाही देखने को नहीं मिली। नवापारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी करीब 8 फीट तक बढ़ने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ हैं।
🟠2 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए,स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ हैं। अब तक करीब 2,000 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत केंद्रों में स्थानांतरित किया जा चुका हैं।राहत शिविरों में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई हैं। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
🟠बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे राजस्व एवं आपदा मंत्री
राजस्व एवं आपदा मंत्री टंक राम वर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और राहत शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।मंत्री ने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया,कि सरकार इस आपदा की घड़ी में उनके साथ हैं,और बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
🟠प्रभावित परिवारों को 5-5 हजार रुपये की सहायता
बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 5-5 हजार रुपये के अनुदान चेक वितरित किए गए। यह राशि प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी।जिन परिवारों के मकान बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मकानों के पुनर्निर्माण में सहायता का भी आश्वासन दिया गया हैं।
🟠जान-माल, फसल और मकानों के नुकसान का होगा सर्वे
मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए जान-माल, फसलों और मकानों के नुकसान का त्वरित एवं सटीक सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा,कि नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा।
🟠जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने पर जोर
सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया हैं। प्रशासन को नुकसान का आकलन तेजी से पूरा करने और प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके और उनका जनजीवन सामान्य हो सके।












