संदिली सिंह,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,7अक्टूबर2026
बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केन्द्र में,बुधवार को खेल प्रतिभाओं का बड़ा मंच सजा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से आए 571 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन करेंगे।शुभारंभ अवसर पर, उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखते ही बनी।
🟠पांच संभागों के 571 खिलाड़ी मैदान में
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर तक किया जाएगा।इस दौरान अलग-अलग आयु वर्ग में तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग में कबड्डी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में मुकाबले कराए जाएंगे। अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता राज्य स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं।
🟠बहतराई की खेल भूमि ने दिए कई प्रतिभावान खिलाड़ी
शुभारंभ कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बहतराई की खेल परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा,कि बहतराई की खेल भूमि ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं।उन्होंने बहतराई से निकली खेल प्रतिभाओं का उदाहरण देते हुए बताया,कि संजू देवी ने एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में अपनी प्रतिभा से देश का मान बढ़ाया हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए, खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
🟠‘खेल में हार नहीं, सीख होती हैं’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा,कि खेल के मैदान में कोई वास्तव में हारता नहीं हैं। खिलाड़ी या तो जीतता है या फिर हार से सीख लेकर आगे बढ़ता हैं।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल संसाधन और आधुनिक सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर जोर दिया।
🟠बेटियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
शुभारंभ समारोह में पीएमश्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता की वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। तेज धूप के बावजूद छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी,जिसे कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए विधायक सुशांत शुक्ला ने 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल और जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
🟠चार दिन तक खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन
10 अक्टूबर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव देगी, बल्कि राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे की खेल यात्रा का रास्ता भी मजबूत कर सकती हैं।












