छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगी ग्लोबल पहचान चित्रकोट को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी तेज, राम वनगमन के 31 नए स्थलों पर 2 महीने में शुरू होगा काम

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,9अक्टूबर2026

छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए,राज्य सरकार ने विकास कार्यों में तेजी लाने की तैयारी की हैं। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित,अपने निवास कार्यालय में विभागीय योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात को ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया दो सप्ताह में पूरी करने और राम वनगमन पर्यटन परिपथ के 31 नए स्थलों पर दो महीने के भीतर विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और जनजातीय संस्कृति को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़कर पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

🟠चित्रकोट जलप्रपात को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी

बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मंत्री राजेश अग्रवाल ने, आवश्यक प्रक्रियाएं दो सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और प्रेजेंटेशन तैयार कर भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके साथ ही सिरपुर पर्यटन विकास के लिए तैयार डीपीआर का प्रस्तुतीकरण करने के निर्देश भी दिए गए।इस पहल का उद्देश्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं, व्यवस्थित प्रबंधन और प्रभावी प्रचार के माध्यम से पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाना हैं।

🟠144 पर्यटन स्थलों का सर्वे पूरा, 20 स्थानों पर पहले विकसित होंगी सुविधाएं

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने प्रदेश के 144 पर्यटन स्थलों का गैप फिलिंग असेसमेंट पूरा कर लिया हैं। इस सर्वेक्षण के आधार पर प्राथमिकता वाले 20 स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।मंत्री ने इन स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल और पर्यटकों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं तेजी से विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुविधाओं के संचालन और रखरखाव के लिए स्थानीय समितियों को जिम्मेदारी देने अथवा सुलभ इंटरनेशनल जैसी संस्थाओं का सहयोग लेने की संभावना पर भी जोर दिया।इससे पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं की उपलब्धता के साथ उनके नियमित रखरखाव को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती हैं।

🟠राम वनगमन पर्यटन परिपथ के 31 नए स्थलों पर दो महीने में काम शुरू करने का लक्ष्य

राम वनगमन पर्यटन परिपथ की समीक्षा के दौरान मंत्री ने पहले से विकसित स्थलों पर अधूरे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्मित पर्यटन इकाइयों, सार्वजनिक शौचालयों और कैफेटेरिया का संचालन स्थानीय समितियों को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।नए चिह्नित 31 स्थलों पर डीपीआर तैयार करने, निविदा जारी करने और निर्माण एजेंसी का चयन करने सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं दो महीने के भीतर पूरी कर कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए गए। प्रथम चरण में चयनित 10 स्थलों के अतिरिक्त बस्तर के एक-दो महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल करने और इसके लिए आवश्यक बजट प्रस्ताव तैयार करने पर भी जोर दिया गया।मंत्री ने चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में प्रभु श्रीराम की नवीन प्रतिमा की स्थापना के संबंध में मंदिर समिति से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा।

🟠रामलला दर्शन योजना में वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था

रामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुविधाजनक बनाने के लिए भी निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा,कि ट्रेन संचालन में तकनीकी समस्या आने पर यात्रियों को असुविधा नहीं होनी चाहिए।आईआरसीटीसी द्वारा पेंट्री बोगी से संबंधित तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन उपलब्ध नहीं कराए जाने की स्थिति में एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) के माध्यम से अलग एजेंसी का चयन कर वैकल्पिक ट्रेन संचालन की व्यवस्था करने को कहा गया।

🟠होमस्टे सब्सिडी और भोरमदेव कॉरिडोर की ऑनलाइन निगरानी

मंत्री ने होमस्टे नीति के तहत चयनित हितग्राहियों को कैपिटल सब्सिडी शीघ्र उपलब्ध कराने और तीन चरणों में, सहायता राशि वितरण की तैयारी करने के निर्देश दिए। इससे पर्यटन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने और आजीविका के अवसर विकसित करने में मदद मिल सकती हैं।भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की तकनीकी निगरानी के लिए ऑनलाइन पोर्टल विकसित करने और संबंधित एजेंसियों को नियमानुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया। जिन पर्यटन इकाइयों को तकनीकी कारणों से निजी संस्थाओं को लीज पर देना संभव नहीं हैं,उनका संचालन स्थानीय समितियों के माध्यम से कराने पर जोर दिया गया।इसके अलावा प्रमुख पर्यटन मार्गों पर सुविधा केंद्र विकसित करने के लिए जिला कलेक्टरों से समन्वय कर भूमि चिह्नित करने और पर्यटन मंडल का लैंड बैंक तैयार करने के निर्देश दिए गए।

🟠कलाकारों और पुरातात्विक धरोहरों पर भी ध्यान

संस्कृति विभाग की समीक्षा में कलाकारों के पंजीयन के लिए संचालित चिन्हारी पोर्टल को अपडेट करने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पारदर्शी आवंटन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए।पुरातत्व विभाग के अंतर्गत सिरपुर के सुरंग टीला और नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में लाइट एंड साउंड शो का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, अंबिकापुर के जिला पुरातत्व संग्रहालय के उन्नयन तथा रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में ऐतिहासिक सामग्री को व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने पर भी चर्चा हुई।बैठक में कुदरगढ़ रोप-वे, मंदिर परिसरों के तालाबों और झीलों के जीर्णोद्धार, फिल्म सिटी, ट्राइबल कन्वेंशन सेंटर और मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण करने और अगली समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें