महाराजा अग्रसेन जयंती : समाजवाद,अहिंसा और समरसता के प्रणेता,जानिए आज के दौर में क्यों प्रासंगिक हैं,उनका ‘एक ईंट-एक रुपया’ का सिद्धांत

न्यूज डेस्क,11अक्टूबर2026

आज त्याग, करुणा और सच्चे समाजवाद के अग्रदूत महाराजा अग्रसेन जी की पावन जयंती हैं। इस गौरवशाली अवसर पर Nexis News परिवार अपने सभी सुधी पाठकों और प्रदेशवासियों को अग्रसेन जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देता हैं। महाराजा अग्रसेन केवल एक युगपुरुष या शासक नहीं थे,बल्कि वे एक ऐसे दृष्टा थे जिन्होंने सदियों पहले लोक-कल्याणकारी राज्य और सामाजिक समानता की नींव रखी थी। आज का यह पर्व उनके आदर्शों, मानवीय मूल्यों और जनसेवा के संकल्प को अपने जीवन में आत्मसात करने का दिन हैं।

🟠भगवान श्रीकृष्ण के समकालीन और 18 गोत्रों की स्थापना

महाराजा अग्रसेन का संबंध द्वापर युग के अंतिम चरण से माना जाता हैं। वे महाभारत काल के वीर राजा वल्लभसेन के ज्येष्ठ पुत्र थे और उन्होंने महाभारत युद्ध में भी भाग लिया था। मान्यता के अनुसार,वे भगवान श्रीकृष्ण के परम अनुयायी और कृपापात्र थे। भगवान श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन और देवी महालक्ष्मी के आशीर्वाद से उन्होंने ‘अग्रोहा’ (वर्तमान हरियाणा में स्थित) को अपनी राजधानी बनाया और एक आदर्श राज्य की स्थापना की।समाज को संगठित, अनुशासित और सशक्त बनाने के लिए उन्होंने 18 महायज्ञों का आयोजन किया। इन्हीं 18 यज्ञों के आधार पर अग्रवंश के 18 गोत्रों का सृजन हुआ, जो आज भी समाज की एकता और परस्पर बंधुत्व का आधार हैं।

🟠’एक ईंट और एक रुपया’: समाजवाद का सबसे पहला व्यावहारिक मॉडल

महाराजा अग्रसेन ने जिस सामाजिक व्यवस्था को जन्म दिया, वह आज के आधुनिक अर्थशास्त्र और लोकतंत्र के लिए भी अनुकरणीय हैं

🔸️स्वाभिमान के साथ पुनर्वास: अग्रोहा में जब भी कोई नया नागरिक या निर्धन परिवार आकर बसता था, तो राज्य का हर परिवार उसे ‘एक ईंट और एक रुपया’ उपहार स्वरूप देता था।

🔸️समानता का भाव: लाखों ईंटों से उस नए परिवार का पक्का मकान बन जाता था और एकत्रित रुपयों से वह सम्मानपूर्वक अपना व्यापार शुरू कर पाता था।

🔸️बिना दान की हीनता के सहयोग: इस व्यवस्था में न कोई लेने वाला हीन भावना महसूस करता था और न देने वाले में अहंकार आता था। यह बिना किसी बाहरी कर या कर्ज के परस्पर सहयोग से विकसित होने वाली आत्मनिर्भर समाज की अनूठी मिसाल थी।

🟠अहिंसा और प्राणी मात्र पर दया

महाराजा अग्रसेन क्षत्रिय कुल के थे, किंतु उन्होंने हिंसा का पूर्ण परित्याग किया। एक बार यज्ञ के दौरान जब पशु बलि की परंपरा देखी, तो उनका हृदय करुणा से भर उठा। उन्होंने तत्काल बलि प्रथा पर प्रतिबंध लगा दिया और राज्य में ‘अहिंसा परमो धर्म:’ का नियम लागू किया। उन्होंने व्यापार और उद्योग को अपनी प्रजा की आजीविका का मुख्य साधन बनाया, जिससे समाज में संपन्नता, शांति और नैतिकता का प्रसार हुआ।

🟠वर्तमान समय में उनके संदेश को आत्मसात करने की जरूरत

आज जब समाज में आर्थिक विषमता, कटुता और व्यक्तिवाद बढ़ रहा हैं, तब महाराजा अग्रसेन जी की सीख प्रत्येक मनुष्य के लिए मार्गदर्शक हैं

🔸️सम्पन्नता का सदुपयोग: केवल व्यक्तिगत लाभ के बजाय समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए अपने संसाधनों का उपयोग करना।

🔸️सामूहिक सहभागिता: किसी भी जरूरतमंद को भिक्षा देने के बजाय उसे स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना।

🔸️करुणा और अहिंसा: मानव ही नहीं, समस्त जीव-जगत के प्रति दया का भाव रखना और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को अपनाना।महाराजा अग्रसेन जी का जीवन यह संदेश देता हैं,कि सच्चा नेतृत्व और सच्ची संपन्नता वही हैं,जो दूसरों के आंसुओं को पोंछ सके और समाज में समानता का प्रकाश फैला सके।

आइए, आज के पावन दिन पर उनके इन अमर सिद्धांतों को केवल याद न करें, बल्कि अपने आचरण और कर्मों में उतारने का संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें