संदिली सिंह,रायपुर,10अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास कार्यालय में भाईचारे और स्नेह का भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रायपुर की संचालिका ब्रह्मकुमारी सविता बहन सहित,अन्य ब्रह्मकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर,उन्हें रक्षा-सूत्र बाँधा। बहनों ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने,इस आत्मीयता और स्नेह के लिए ब्रह्मकुमारी बहनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि यह समाज में भावनात्मक एकता, परस्पर सम्मान और नैतिक मूल्यों की गहरी परंपरा का प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा — “रक्षा-सूत्र में निहित शुभकामनाएँ और आशीर्वाद मुझे,अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं।” उन्होंने रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की मजबूत डोर बताया, जो समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और ब्रह्मकुमारी बहनों के बीच सामाजिक सरोकार, नैतिक शिक्षा तथा आध्यात्मिक मूल्यों पर भी सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम का वातावरण पूर्णतः स्नेह, आस्था और भाईचारे से ओत-प्रोत रहा।












