संदिली सिंह,रायपुर,22अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए,बलरामपुर पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से एक बड़ा अभियान चलाया। हाल ही में पुलिस एवं परिवहन विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं,और नियम तोड़ने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा हैं।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सेमरसोत–प्रतापपुर मार्ग (अटल चौक डावरा) के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।इस अभियान में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने यात्री बसों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों की गहन जांच की।
अभियान के दौरान भारी वाहनों के नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने वाले 15 ट्रक चालकों पर चालान काटा गया, और ₹30,000 का जुर्माना वसूला गया।इसके अलावा अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई:
🔸️बिना सीट बेल्ट – 2 प्रकरण, ₹1,000
🔸️यातायात नियमों का उल्लंघन – 7 प्रकरण, ₹2,100
🔸️आदेशों की अवहेलना – 7 प्रकरण, ₹2,100
🔸️रंगीन फिल्म का उपयोग – 2 प्रकरण, ₹4,000
🔸️परमिट शर्तों का उल्लंघन – 1 प्रकरण, ₹5,000
पुलिस विभाग द्वारा कुल 34 प्रकरणों में ₹44,200 का समन शुल्क वसूला गया।वहीं परिवहन विभाग ने 1 प्रकरण में ₹5,000 का ऑनलाइन चालान काटा।इस तरह संयुक्त अभियान के दौरान कुल 35 प्रकरणों में ₹49,200 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान केवल चालान ही नहीं काटे गए, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई। पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने चालकों को वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी। साथ ही गुड सेमेरिटन पहल के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने स्पष्ट किया कि जिले में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
🟠जन अपील
जिला पुलिस एवं परिवहन विभाग की अपील हैं,कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, नो-एंट्री और स्पीड लिमिट का सम्मान करें, वाहन के सभी दस्तावेज हमेशा साथ रखें और सड़क हादसे की स्थिति में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आएं।आपकी सतर्कता और सहयोग से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती हैं,और कई लोगों की जान बचाई जा सकती हैं।












