संदिली सिंह,बलरामपुर/छत्तीसगढ़,14सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जिले के प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बलरामपुर प्रवास के दौरान,विश्राम गृह में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 16,000 से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर 18 अगस्त से संविधान प्रदत्त अधिकारों के दायरे में रहकर आंदोलनरत हैं। 160 से अधिक बार ज्ञापन देने के बावजूद शासन-प्रशासन से कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद मजबूरी में हड़ताल करनी पड़ी।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मीरी ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप की अपील की हैं। उन्होंने कहा,कि कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान देने के बजाय प्रशासन की ओर से बर्खास्तगी के आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिससे संवाद की राह में बाधा उत्पन्न हो रही हैं।
बलरामपुर जिले के 630 कर्मचारी भी सामूहिक त्यागपत्र देकर हड़ताल पर हैं। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा कर जल्द ही सकारात्मक निर्णय की बात कही और कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक आदेश जारी होते ही सभी कर्मचारी तुरंत काम पर लौट जाएंगे।












