संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,18सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
रायपुर के महादेव घाट पर सोमवार शाम अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब 21 सौ दीपों की रौशनी में खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शामिल होकर प्रदेशवासियों को संदेश दिया,कि नदियाँ केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति की जीवनरेखा हैं।यह भव्य आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी और महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव विश्वभर में बढ़ा हैं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का उनका संकल्प साकार होगा, और छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने में हमारी डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही हैं।”
उन्होंने गंगा आरती की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए,खारुन नदी में समय-समय पर आरती आयोजित करने की अपील की।रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, कि नदियों की आरती हमारी आस्था और संस्कृति की पहचान हैं। यह नदियों से जुड़ाव और उनके संरक्षण का संदेश देती हैं।
आयोजन में साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक मोती लाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।












