संदिली सिंह,धमतरी/छत्तीसगढ़,22सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 सितंबर को धमतरी जिले के,ग्राम करेलीबड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर धमतरी जिले को 245.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की भी सौगात मिलेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंकराम वर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सांसद रूप कुमारी चौधरी और भोजराज नाग, विधायक अजय चन्द्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा और जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू भी शामिल होंगे।
🟠ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की बड़ी पहल
धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र के करेलीबड़ी में आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा हैं। महतारी सदन योजना के अंतर्गत गांवों में ऐसे भवन बनाए जा रहे हैं, जो ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, सामूहिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और सामाजिक समरसता स्थापित करने का मंच प्रदान करेंगे।
प्रथम चरण (2024-25) में 202 महतारी सदनों के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। प्रत्येक महतारी सदन 24.70 लाख रुपये की लागत से 2500 वर्गफीट में तैयार किया गया हैं, जिसमें हॉल, कमरा, किचन, स्टोर, दुकान, बाउंड्रीवाल, प्रसाधन और बोरवेल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
द्वितीय चरण (2025-26) में 166 नए महतारी सदनों के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई हैं। इस चरण में प्रत्येक भवन की लागत 30 लाख रुपये होगी।
🟠2 लाख महिलाएं होंगी वर्चुअली शामिल
लोकार्पण समारोह में राज्य की महिला स्व-सहायता समूहों की लगभग 2 लाख महिलाएं वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगी। यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से प्रेरित हैं, जिसका उद्देश्य महिलाओं की क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हैं।












