संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,5अक्टूबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ ने आज देश के बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मात्र 12 महीनों में राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण पूरा कर लिया हैं। यह सुरंग न केवल इंजीनियरिंग की दृष्टि से एक बड़ी सफलता हैं, बल्कि यह आम जनता के जीवन, व्यापार और प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाली परियोजना साबित होगी।
2.79 किलोमीटर लंबी यह टनल रायपुर–विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे (NH-130CD) का हिस्सा हैं, जिसका निर्माण एनएचएआई की अभनपुर परियोजना इकाई द्वारा किया जा रहा हैं। जब यह ट्विन ट्यूब टनल पूरी तरह से तैयार हो जाएगी, तब रायपुर से विशाखापट्टनम की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इससे न केवल उद्योग और व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क भी और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा,कि यह टनल समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने कहा कि सड़क एवं परिवहन अधोसंरचना का विकास किसी भी प्रदेश की प्रगति की रीढ़ होता हैं। इस टनल से छत्तीसगढ़ में पर्यटन, व्यापार और सामाजिक–आर्थिक जुड़ाव के नए अवसर खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं,और आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।












