संदिली सिंह,जगदलपुर/छत्तीसगढ़,5अक्टूबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में भाग लिया। परंपरा के अनुसार मां दंतेश्वरी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।मांझी-चालकी से संवाद के दौरान शाह ने कहा कि अब समय आ गया हैं,जब बस्तर को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा,कि “माओवाद से जुड़े युवाओं को समझाइए, वे मुख्यधारा में लौटें और शासन की योजनाओं से जुड़ें।”
शाह ने घोषणा की कि मार्च 2026 तक बस्तर नक्सलवाद मुक्त होगा। उन्होंने कहा,कि “हम चाहते हैं,कि बस्तर के बच्चे हथियार नहीं, बल्कि कलम उठाएं और डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर बनकर प्रदेश की सेवा करें।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,कि सरकार बस्तर दशहरा को और भव्य बनाएगी। इसके लिए अनुदान राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जा रही हैं। साथ ही जिया डेरा और माडिया सराय जैसे पारंपरिक स्थलों के विकास कार्य भी होंगे।इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरिन और नाईक-पाईक ने पारंपरिक पगड़ी और माला पहनाकर किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद महेश कश्यप, वन मंत्री केदार कश्यप, आदिवासी कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायकगण और बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।












