संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/8नवंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार,इस वर्ष 15 नवम्बर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे देश में “जनजातीय गौरव दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ में 1 से 15 नवम्बर 2025 तक “जनजातीय गौरव पखवाड़ा” का आयोजन किया जा रहा हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं प्रभारी सचिवों की उपस्थिति में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।जिला स्तरीय समारोहों में जनजातीय संस्कृति, लोककला, व्यंजन, हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनी के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
इस पखवाड़े में शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और उत्तर छत्तीसगढ़ जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव जैसे विशेष आयोजन होंगे। आश्रम-छात्रावासों और जनजातीय ग्रामों में प्रभातफेरी, जन-जागरूकता यात्राएँ, वृक्षारोपण, निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। जनजातीय नायकों के जीवन पर संगोष्ठियाँ और लघु फिल्में भी प्रदर्शित होंगी।
इसके अलावा, लाभार्थी संतृप्ति शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जनधन खाता, सिकल सेल जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, जाति प्रमाणपत्र, पीएम किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।जिला स्तरीय कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, जनजातीय समुदाय के प्रमुखों, प्रतिभावान बच्चों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
🟠मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा —
“धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर हैं। उनके अदम्य साहस और त्याग ने जनजातीय समाज को स्वाभिमान और स्वतंत्रता का संदेश दिया। ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ हमारी सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी समाज के सम्मान एवं सशक्तिकरण का प्रतीक हैं। सभी प्रदेशवासी इस उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लें।”












