संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,28जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा,कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।
उल्लेखनीय हैं,कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इस विशेष पदक का विमोचन किया गया।मुख्यमंत्री साय ने कहा, कि विगत 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस, प्रतिबद्धता और सर्वोच्च बलिदान का परिचय दिया हैं। यह रजत जयंती पदक पुलिस बल के उसी समर्पण और त्याग को सम्मानित करने का प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया,कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा को आत्मसात करता हैं। पदक गोल आकार का एवं चांदी के रंग का होगा। इसके अग्र भाग में साल वृक्ष तथा पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। यह पदक रिबन के साथ वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर धारण किया जाएगा तथा अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक एवं राष्ट्रपति के विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदकों के पश्चात वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव एवं पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक हैं, वहीं साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावी योगदान का संदेश देता हैं। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।












