संदिली सिंह,जशपुर,छत्तीसगढ़,11फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
सिटी कोतवाली क्षेत्र के पुराना नगर स्थित तुरीटोंगरी में, अक्टूबर 2025 में मिली अधजली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया हैं। मृतक की पहचान महावीर राम भगत (49 वर्ष), निवासी गड़ियोटोंगरी, मनोरा के रूप में डीएनए जांच से हुई। मामले में मृतक की पत्नी सुमित्रा भगत को गिरफ्तार किया गया हैं, जबकि घटना में सहयोग करने वाले दो नाबालिग बालिकाओं और एक नाबालिग बालक के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही हैं।
🟠ऐसे सामने आई सच्चाई
18 अक्टूबर 2025 को तुरीटोंगरी के जंगल में एक गड्ढे के भीतर जली हुई लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। चेहरा और शरीर का बड़ा हिस्सा जल जाने से पहचान संभव नहीं हो पा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने फोटो आसपास के थानों में भेजे, गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली और तकनीकी टीम व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। दिसंबर में मृतक के भाई ने आकर बताया,कि महावीर दिवाली से लापता हैं,और उसकी पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध हैं। इसके बाद जांच का फोकस परिवार की ओर गया।
🟠रिश्तों में विवाद बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया,कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। घटना वाले दिन महावीर पत्नी के जशपुर स्थित घर पहुंचा था। पूछताछ में पत्नी ने बताया,कि विवाद के दौरान उसने गैंती छीनकर पति के सिर और चेहरे पर वार किया। इसके बाद गला दबाने से उसकी मौत हो गई।घटना को घर में मौजूद बच्चों ने देखा। बाद में शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई।
🟠जंगल में ले जाकर जलाया शव
रात में एक नाबालिग की मदद से शव को लकड़ी की बल्ली से बांधकर तुरीटोंगरी जंगल ले जाया गया। वहां पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी गई, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
🟠ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपिया की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छोटी गैंती, पेट्रोल की सफेद जरकीन और टॉर्च जब्त की हैं।
🟠विशेष टीम की निगरानी में सुलझा मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए,पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयास से अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मुख्य आरोपिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिगों को विधि अनुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।












