संदिली सिंह,राउरकेला,13फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025–26 के राउरकेला चरण में,गुरुवार को बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 8-0 से करारी शिकस्त दी। अर्जेंटीना के लिए टॉमस डोमेने (15’, 20’, 26’, 60’) ने चार गोल किए,जबकि टॉमस रूइज़ (14’), लुसियो मेंडेज (22’), इग्नासियो इबारा (25’) और निकोलस डेला टोरे (30’) ने भी गोल दागे।
मुकाबले की शुरुआत में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में दबाव बनाने की कोशिश की। पहले क्वार्टर के अंत में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन हरमनप्रीत सिंह का प्रयास अर्जेंटीना के गोलकीपर ने विफल कर दिया। इसके तुरंत बाद अर्जेंटीना ने जवाबी हमला करते हुए टॉमस रूइज़ (14’) के गोल से बढ़त बनाई। अगले ही मिनट टॉमस डोमेने (15’) ने गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने वापसी की कोशिश की और शिलानंद लकड़ा व हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाए, लेकिन टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। अर्जेंटीना ने दबाव बनाए रखते हुए लगातार गोल किए। डोमेने (20’) ने बढ़त 3-0 की, लुसियो मेंडेज (22’) ने चौथा गोल किया, जबकि इग्नासियो इबारा (25’) और डोमेने (26’) के गोल से स्कोर 6-0 हो गया। निकोलस डेला टोरे (30’) के गोल के साथ पहला हाफ अर्जेंटीना के पक्ष में 7-0 से समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया और शिलानंद लकड़ा तथा आदित्य ललगे ने मौके बनाए, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैंटियागो ने शानदार बचाव किए। तीसरा क्वार्टर बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।अंतिम क्वार्टर में भारत ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन मैच के अंतिम मिनट में टॉमस डोमेने (60’) ने अपना चौथा गोल कर अर्जेंटीना को 8-0 की जीत दिलाई।एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025-26 के राउरकेला चरण में भारत के सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स खेल पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जबकि अन्य मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध हैं।












