Nexis News

शिव बारात रहा आकर्षण का केंद्र,मां काली मंदिर प्रांगण में पार्वती संग रचाया भोले का विवाह

संदिली सिंह,जशपुर,छत्तीसगढ़,16फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis Newsमहाशिवरात्रि पर इस वर्ष जशपुरनगर पूरी तरह शिवमय नजर आया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते माहौल के बीच सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ शिवालयों में उमड़ती रही। दिन में जहां जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगीं, वहीं शाम को निकली भव्य शिव बारात ने पूरे आयोजन को चरम पर पहुंचा दिया।

🟠आगे डीजे, बीच में बग्गी, पीछे उमड़ा जनसैलाब

शाम करीब चार बजे देवी गुणी प्रांगण से जैसे ही शिव बारात निकली,पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया। आकर्षक सजावट से सजी बग्गी में भगवान शिव और माता पार्वती का स्वरूप धारण किए बच्चे विराजमान थे। डीजे वाहन पर गूंजते भक्ति गीतों के बीच युवा थिरकते नजर आए। महिलाएं मंगलगीत गाती रहीं और बच्चे हाथों में ध्वज लिए उत्साह से झूमते दिखे।बारात बस स्टैंड, मैन रोड, महाराजा चौक, जिला अस्पताल रोड और जेल रोड से गुजरते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह व्यापारियों और नागरिकों ने फूल वर्षा कर स्वागत किया, आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। पूरा शहर मानो भगवान शिव की भक्ति में डूब गया।

🟠जयमाला की रस्म ने बांधा समां

बारात के देवी गुणी प्रांगण लौटने पर मंच पर शिव-पार्वती की जयमाला कराई गई। जयकारों से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद भक्ति संगीत का आयोजन हुआ और विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

🟠अलसुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक

महाशिवरात्रि की शुरुआत भोर से ही हो गई थी। पक्कीडांड़ी, बरटोली, सत्रा रोड, जेल रोड और दरबारी टोली सहित शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालु जल, दूध और बेलपत्र लेकर पहुंचे। ‘ऊं नमः शिवाय’ के जाप के साथ भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। कई श्रद्धालु पैदल चलकर मंदिर पहुंचे। दिनभर हवन, पूजन, भजन और आरती का क्रम जारी रहा।🟠बेल महादेव में उमड़ी आस्था

शहर से लगभग दो किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित बेल महादेव मंदिर में भी भक्तों का सैलाब उमड़ा। बेल वृक्ष के नीचे स्थापित शिवलिंग पर जल अर्पित करने के लिए लंबी कतार लगी रही। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।

🟠पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

भीड़ और बारात मार्ग को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पेट्रोलिंग दल संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करते रहे। बेहतर व्यवस्था के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।महाशिवरात्रि पर जशपुरनगर में आस्था, परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिव बारात इस वर्ष के पर्व का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरी और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर गई।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!