संदिली सिंह,कोरबा,छत्तीसगढ़,8जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष मुसाफिर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत बाहरी व्यक्तियों की पहचान, सत्यापन और उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच पर विशेष फोकस किया गया।
🟠किरायेदारों और बाहरी लोगों का किया गया सत्यापन
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में किराए के मकानों, लॉज, ढाबों, धर्मशालाओं एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ठहरे बाहरी व्यक्तियों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी एकत्र की।
🟠आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी
कोरबा पुलिस ने बताया कि जिन व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होंगी, उनके संबंध में संबंधित मूल थानों से आपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जानकारी मंगाई जाएगी। इससे जिले में छिपकर रहने वाले अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
🟠सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। बढ़ती आबादी और बाहरी लोगों की आवाजाही को देखते हुए सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक सख्त बनाया जा रहा हैं।
🟠आम जनता से सहयोग की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या किसी बाहरी व्यक्ति की गतिविधियां संदेहास्पद लगें तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें। पुलिस ने कहा कि जनता के सहयोग से ही अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता हैं।












