Nexis News

सरगुजा में प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी की बड़ी समीक्षा बैठक : किसानों, आवास, राजस्व और जनकल्याण योजनाओं पर दिए सख्त निर्देश

न्यूज डेस्क,अम्बिकापुर,छत्तीसगढ़,8जून2026

सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को,जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में प्रभारी मंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए,अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया,कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

🟠किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, कालाबाजारी पर सख्ती

खरीफ सीजन को देखते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने जिले में खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए,कि किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने सभी खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बीजों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने और समय पर वितरण करने पर जोर दिया।

🟠प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा,कि स्वीकृत आवासों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए और अधूरे आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए।उन्होंने हितग्राहियों को समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

🟠राजस्व मामलों में देरी पर नाराजगी

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने त्रुटि सुधार, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा बटांकन, आधार सीडिंग, किसान किताब, अतिक्रमण और अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा,कि त्रुटि सुधार से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

🟠पेयजल, बिजली और सड़क व्यवस्था पर फोकस

मंत्री ने अम्बिकापुर शहर में पेयजल और बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा,कि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।साथ ही बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

🟠हाथी प्रभावित क्षेत्रों और वन संरक्षण पर भी चर्चा

बैठक में हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि और फसल क्षति की समीक्षा की गई। मंत्री ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा अवैध वृक्ष कटाई रोकने और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने पर भी जोर दिया गया।

🟠सुशासन तिहार के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए,कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।उन्होंने कहा,कि जहां संभव हो, नागरिकों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए।

🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर करें काम

बैठक के अंत में मंत्री ओपी चौधरी ने कहा,कि सरगुजा के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी हैं।उन्होंने कहा,कि “शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।”

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!