न्यूज डेस्क,बैकुण्ठपुर,8जून2026
छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को, धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरिया जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम तरगवां में ‘सुशासन तिहार शिविर-2026’ का भव्य आयोजन किया गया।इस शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक भैया लाल रजवाड़े सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कृषि मंत्री नेताम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने और स्थानीय संसाधनों के अधिक उपयोग पर जोर दिया।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मंत्री द्वारा छोटे बच्चों का पारंपरिक अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। साथ ही किसानों को कृषि विभाग की ओर से उन्नत बीज और भूमि संबंधित दस्तावेज (खतौनी) वितरित किए गए।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने कहा, कि “सुशासन तिहार केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जनता की समस्याओं के मौके पर समाधान का एक प्रभावी माध्यम हैं।” उन्होंने स्वच्छ, समृद्ध और नशामुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया।इस दौरान उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी ली। जिला प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी के कारण कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।












