न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,9जून2026
चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में, एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार ‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ (Total Abdominal Hysterectomy) जैसे जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया हैं। यह उपलब्धि न केवल जिले की चिकित्सा व्यवस्था के लिए गौरव का विषय हैं,बल्कि उन मरीजों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आई हैं,जिन्हें अब गंभीर उपचार के लिए रायगढ़, बिलासपुर या रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।यह सफलता जिला प्रशासन की दूरदर्शिता, स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता और मेडिकल टीम के समर्पण का परिणाम मानी जा रही हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में यह चुनौतीपूर्ण सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
🟠एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की उपलब्धता से खुला नई संभावनाओं का रास्ता
जिला चिकित्सालय में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू होने के बाद अब जटिल और बड़े ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर किए जा रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और ओटी टीम ने उत्कृष्ट समन्वय और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए इस कठिन सर्जरी को सफल बनाया।
🟠महिलाओं के लिए बड़ी राहत
‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ महिलाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण और जटिल शल्य प्रक्रिया है। इसमें पेट के निचले हिस्से में चीरा लगाकर गर्भाशय और गर्भाशय ग्रीवा को सुरक्षित रूप से निकाला जाता हैं।यह ऑपरेशन सामान्यतः गर्भाशय में गांठ (फाइब्रॉइड्स), अत्यधिक रक्तस्राव, लगातार पेल्विक दर्द, गंभीर स्त्री रोग संबंधी समस्याओं तथा कैंसर जैसी स्थितियों में किया जाता हैं। जिला स्तर पर इस तरह की सर्जरी का सफल होना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार का संकेत माना जा रहा हैं।
🟠”अब जिला अस्पताल जटिल सर्जरी के लिए भी तैयार”
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने,इस सफलता का श्रेय जिला प्रशासन और पूरी मेडिकल टीम को दिया। उन्होंने कहा,कि कलेक्टर के सतत सहयोग और संसाधनों की उपलब्धता के कारण यह संभव हो पाया हैं।वहीं सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने कहा,कि जिला चिकित्सालय अब आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं से लैस होकर जटिल सर्जरी करने में सक्षम होता जा रहा हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा।
🟠जल्द शुरू होंगी अन्य सर्जिकल सेवाएं
अस्पताल प्रशासन के अनुसार आने वाले समय में, मोतियाबिंद ऑपरेशन सहित कई अन्य विशेष सर्जिकल सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इससे जिले के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और उपचार पर होने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा।सारंगढ़ जिला अस्पताल की यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भरता और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।












