न्यूज डेस्क,रायगढ़,छत्तीसगढ़,9जून2026
प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसका शानदार उदाहरण पेश किया हैं,रायगढ़ जिले के छाल (बोजिया) निवासी 10 वर्षीय मोक्ष दुबे ने। चौथी कक्षा में अध्ययनरत मोक्ष ने ‘छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय अबेकस एवं मेंटल गणितीय प्रतियोगिता 2026’ में लगातार दूसरी बार शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ का खिताब अपने नाम कर लिया हैं।रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली बच्चों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लेकिन मोक्ष दुबे ने अपनी अद्भुत मानसिक गणना क्षमता और तेज गति से सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए राज्य स्तर पर अपनी बादशाहत कायम रखी।
🟠बिना पेन-पेपर 10 मिनट में हल किए 200 सवाल
प्रतियोगिता के ‘विजुअल कॉम्पिटिशन लेवल-4 जूनियर ग्रुप’ में मोक्ष ने केवल अपने दिमाग में अबेकस की कल्पना करते हुए,कठिन गणितीय प्रश्नों को सेकंडों में हल किया। उन्होंने बिना पेन और पेपर की मदद लिए मात्र 10 मिनट में 200 सवालों के सटीक जवाब देकर सर्वोच्च अंक हासिल किए।यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि मोक्ष ने वर्ष 2025 में भी राज्य स्तर पर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था और अब 2026 में भी अपना विजयी अभियान जारी रखा हैं।
🟠विधायक लालजीत सिंह राठिया ने दी बधाई
मोक्ष की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्रीय विधायक लालजीत सिंह राठिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि इतनी कम उम्र में लगातार दो वर्षों तक राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना असाधारण प्रतिभा और मेहनत का परिचायक हैं।उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल रटने की शिक्षा तक सीमित न रखकर अबेकस, विज्ञान, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ें।
🟠गुरु और माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
मोक्ष दुबे, जो प्रमोद कुमार दुबे के सुपुत्र हैं, ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मार्गदर्शक शिक्षक राजहोता सर के प्रशिक्षण और माता-पिता के निरंतर सहयोग को दिया हैं।स्कूल प्रबंधन, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने मोक्ष की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं। कई लोगों ने उन्हें क्षेत्र के बच्चों के लिए प्रेरणा और रोल मॉडल बताया हैं।
🟠अबेकस से बढ़ रही बच्चों की मानसिक क्षमता
विशेषज्ञों के अनुसार अबेकस पद्धति बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता, तार्किक सोच और मानसिक गणना क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मोक्ष दुबे की सफलता इस बात का प्रमाण हैं,कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।












