डेनियल सेप्टी,पखांजूर,छत्तीसगढ़,10जून 2026
पखांजूर क्षेत्र में रसोई गैस लीकेज के कारण,एक मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आग इतनी भयावह थी,कि कमरे के भीतर जोरदार धमाका हो गया, जिससे आसपास के कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और मकान की दीवारों में भी दरारें आ गईं। घटना में HP गैस एजेंसी का एक कर्मचारी और एक महिला पुलिसकर्मी झुलस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्मल बिस्वास के किराए के मकान में रहने वाली एक महिला पुलिसकर्मी के कमरे में नया गैस सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे में सिलेंडर लगाने पहुंचे HP गैस एजेंसी के कर्मचारी जगबिंदू उर्फ जगो तथा कमरे में मौजूद महिला पुलिसकर्मी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
🟠धमाके से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही देर बाद कमरे में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के कारण आसपास के कमरों के खिड़की-दरवाजों को नुकसान पहुंचा और मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
🟠हायर सेंटर रेफर किए गए घायल
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए,राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को तत्काल पखांजूर सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
🟠लाखों का सामान जलकर खाक
आग की चपेट में आने से कमरे में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ हैं।
🟠समय रहते टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी हैं। प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज को हादसे का कारण माना जा रहा हैं।












