Nexis News

इलाज कराकर लौट रहा था बेटा, रास्ते में मौत ने छीन ली जिंदगी; अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,16जून 2026

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर,एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अपनी मां और भाभी को इलाज के लिए अस्पताल छोड़कर घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हैं,और गांव में मातम पसरा हुआ हैं।I प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कनकपुर निवासी मनमोहन राम (18 वर्ष), पिता विनोद राम अपनी मां और भाभी को इलाज के लिए बाइक से रामानुजगंज लेकर आया था। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह अकेले वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे पलटन घाट और वन विभाग बैरियर के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी,कि युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए 100 बिस्तरीय अस्पताल रामानुजगंज भेजा गया।जब हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को मिली तो अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। जिस बेटे ने कुछ देर पहले मां और भाभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था, उसी की मौत की खबर सुनकर परिवार बदहवास हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।युवा मनमोहन की असमय मौत से कनकपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई हैं। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!