Nexis News

24 जून को प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा, आवास प्लस 2.0 की सूची पर होगा फैसला

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,16जून2026

छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 24 जून, को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित इन ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची, ग्रामीण विकास योजनाओं, पंचायतों की वित्तीय स्थिति, रोजगार, आजीविका और स्थानीय विकास कार्यों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं निर्णय लिए जाएंगे।

🟠आवास प्लस 2.0 के पात्र हितग्राहियों की बनेगी प्राथमिकता सूची

ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर,तैयार सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) का वाचन और अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद ग्राम सभा शासन की निर्धारित गाइडलाइन और एसओपी के अनुसार पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार करेगी। ग्रामीणों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण कर सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद इसे आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।

🟠रोजगार और आजीविका योजनाओं की भी दी जाएगी जानकारी

ग्राम सभाओं में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VBG-RAMG) के बारे में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। योजना के तहत रोजगार गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन करने, बेरोजगारी भत्ते के बेहतर प्रावधान, समय पर मजदूरी भुगतान और ग्राम सभा आधारित विकास योजनाओं पर चर्चा होगी।

🟠पंचायतों के आय-व्यय और विकास कार्यों की होगी समीक्षा

बैठक में पूर्व ग्राम सभा के निर्णयों के पालन प्रतिवेदन, पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन, विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, पंचायत संपत्तियों के प्रबंधन और पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 के परिणामों की भी समीक्षा की जाएगी।

🟠ग्रामीणों से अधिक भागीदारी की अपील

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की हैं। विभाग का मानना हैं,कि ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में जनभागीदारी बढ़ने से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!