Nexis News

सरगुजा-बलरामपुर के लिए ऐतिहासिक सौगात: अब झारखंड-बिहार से सीधे जुड़ेगा उत्तर छत्तीसगढ़, रेल परियोजना को मिली हरी झंडी

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16जून 2026

उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए 16 जून 2026 का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा हैं। दशकों से रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे सरगुजा और बलरामपुर जिले के लाखों लोगों को आखिरकार वह खबर मिल गई हैं, जिसका इंतजार कई पीढ़ियों से किया जा रहा था। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने अम्बिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रोड (वाया बरवाडीह स्पर) रेल परियोजना को आधिकारिक रूप से “विशेष रेल परियोजना” (Special Railway Project) घोषित कर दिया है।भारत के राजपत्र (Gazette of India) में प्रकाशित अधिसूचना के बाद अब यह परियोजना केवल घोषणा नहीं, बल्कि कानूनी रूप से लागू सरकारी योजना बन गई हैं। इस फैसले के साथ ही वर्षों से फाइलों में अटकी परियोजना के धरातल पर उतरने का रास्ता लगभग साफ हो गया हैं।

🟠261 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बदलेगी पूरे क्षेत्र की किस्मत

प्रस्तावित रेल परियोजना की कुल लंबाई 261.838 किलोमीटर होगी। यह रेल लाइन अम्बिकापुर, बलरामपुर और रामानुजगंज को सीधे झारखंड के गढ़वा रोड रेलवे जंक्शन से जोड़ेगी। इसके बाद उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को दिल्ली, पटना, रांची, वाराणसी और देश के अन्य प्रमुख शहरों तक सीधी एवं आसान रेल सुविधा मिल सकेगी।अब तक सड़क मार्ग पर निर्भर रहने वाले लाखों लोगों के लिए यह परियोजना आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का नया अध्याय साबित हो सकती हैं।🟠विशेष दर्जा मिलने से खत्म होंगी प्रशासनिक बाधाएं

रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 2(37ए) के तहत इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित किया गया हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और प्रशासनिक अनुमतियों की प्रक्रिया अब पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से पूरी की जा सकेगी।विशेष दर्जा मिलने के बाद रेलवे को परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य शुरू करने में कानूनी रूप से अधिक अधिकार प्राप्त होंगे। इससे वर्षों से लंबित प्रक्रिया को नई गति मिलने की उम्मीद हैं।

🟠व्यापार, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

रेल विशेषज्ञों का मानना हैं,कि यह रेल लाइन केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि सरगुजा और बलरामपुर की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगी। क्षेत्र के कृषि उत्पाद, वन उपज, खनिज संसाधन और स्थानीय उद्योगों को देश के बड़े बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।रेल संपर्क बढ़ने से नए निवेशकों के आने की संभावना बढ़ेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र का समग्र विकास तेज होगा।🟠दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को मिली बड़ी जिम्मेदारी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना ने यह स्पष्ट संकेत दे दिया हैं,कि केंद्र सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना चाहती हैं। अब आगामी दिनों में भूमि सर्वेक्षण, सीमांकन और टेंडर प्रक्रिया को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना हैं।

🟠क्षेत्र में खुशी की लहर

अम्बिकापुर, बलरामपुर और रामानुजगंज क्षेत्र के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया हैं। वर्षों से रेल लाइन की मांग कर रहे सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक वर्ग ने इसे उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास का “गेम चेंजर” बताया हैं।लोगों का कहना हैं,कि यदि परियोजना समय पर पूरी होती हैं,तो यह क्षेत्र के विकास की तस्वीर बदल सकती हैं,और लंबे समय से चली आ रही रेल कनेक्टिविटी की मांग आखिरकार पूरी हो जाएगी।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!