न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,18जून2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने, गुरुवार को अंबिकापुर में चल रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का,निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा,कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।सचिव बंसल ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने मानसून को देखते हुए सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा पुल-पुलियों के रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा,कि बारिश के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को सड़कों और पुलों का नियमित निरीक्षण कर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान बंसल ने अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास परियोजना के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अंडरपास, पुल और अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि परियोजना के पूरा होने से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा सचिव ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा,कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा।सचिव ने दोहराया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य तय समय में पूरे हों, ताकि जनता को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।











