न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,21जून2026
जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इस संवेदनशील मामले में, जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया हैं और अपहरण की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं। मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया हैं।जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां की तबीयत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान तारा बाई नामक महिला ने बच्चे के परिजनों से परिचय बढ़ाया और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लिया। महिला ने बच्चे की बीमारी का झाड़-फूंक से इलाज कराने का झांसा दिया और परिजनों को खाना खिलाने के बहाने अस्पताल से बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल ले गई।
होटल में खाना खाने के दौरान आरोपी महिला ने बच्चे को गोद में लेने की बात कहकर अपने पास रखा और मौका मिलते ही मासूम को लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध महिला की तस्वीर मिली। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे दातूनपानी क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी तारा बाई (35 वर्ष) ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसकी तीन शादियां हुई थीं। हाल ही में गर्भपात होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थी और बच्चे की चाहत में अस्पतालों के आसपास घूमती रहती थी। इसी दौरान उसने मासूम को देखकर उसे अपने साथ ले जाने की योजना बनाई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक माह के बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस सफल कार्रवाई से पुलिस ने न केवल एक मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया, बल्कि एक गंभीर अपराध का भी खुलासा कर दिया। जशपुर पुलिस की इस तत्परता की जिलेभर में सराहना हो रही हैं।












