Nexis News

राजीव गांधी शिक्षा मिशन के करोड़ों के फर्नीचर घोटाले की जांच तेज, ACB की टीम ने कार्यालय में दी दबिश

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,24जून2026

राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 में हुए, कथित करोड़ों रुपये के फर्नीचर घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार को अंबिकापुर स्थित राजीव गांधी शिक्षा मिशन कार्यालय में,दबिश देकर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी हैं।जानकारी के अनुसार फर्नीचर खरीदी से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में लंबे समय से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत थी। इसके बाद एसीबी की टीम सीधे कार्यालय पहुंची और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

सूत्रों के मुताबिक एसीबी अधिकारी मामले से जुड़े हार्ड कॉपी दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड, फाइलें और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्नीचर खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन किया गया था या नहीं तथा सरकारी राशि के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई थी या नहीं।बताया जा रहा है कि वर्ष 2011-12 में सामने आए इस कथित फर्नीचर घोटाले में विभाग के 11 से 12 कर्मचारियों और अधिकारियों के नाम चर्चा में आए थे। मामले की जांच लंबे समय से विभिन्न स्तरों पर चल रही है।

एसीबी की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। जांच एजेंसी अब दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय लेन-देन, खरीदी प्रक्रिया और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम कार्यालय में मौजूद रहकर दस्तावेजों का सत्यापन और संग्रहण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और संभावित जिम्मेदारियों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!