न्यूज डेस्क,कोरबा,छत्तीसगढ़,25जून2026
जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब पूरी तरह शिकंजा कसना शुरू कर दिया हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए,1620 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत, एक टीपर और दो ट्रैक्टर जब्त कर सीज कर दिए हैं। खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले के रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति हैं।
🟠सुबह से देर शाम तक चला सघन अभियान
24 जून को जिलेभर में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। खनिज विभाग की टीम ने कई संदिग्ध स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जांच की।इस दौरान सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बाल्को, कसनिया और कटघोरा सहित कई क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
🟠तीन स्थानों पर मिला अवैध रेत का जखीरा
जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों को तीन अलग-अलग स्थानों पर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत मिली। मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और वैध अनुमति नहीं मिलने पर कार्रवाई करते हुए 1620 घनमीटर रेत जब्त कर सीज कर दी गई।इसके अलावा अवैध परिवहन में लगे एक टीपर और दो ट्रैक्टरों को भी जब्त कर खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
🟠रेत माफियाओं को सख्त संदेश
खनिज विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनन के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में माना जा रहा हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।अधिकारियों ने कहा कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
🟠लगातार निगरानी, आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने बताया,कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही हैं। ड्रोन सर्वे, मैदानी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।












