अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4जुलाई 2026
बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते, पति द्वारा अपनी पत्नी के किराये के मकान में आग लगाने का मामला सामने आया हैं। आगजनी में करीब एक लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।
🟠घरेलू विवाद के बाद लगाई आग
पुलिस के अनुसार, भनौरा निवासी प्रभा एक्का ने 29 जून 2026 को थाना कोतवाली बलरामपुर में घर में आगजनी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी पति जय जान केरकेट्टा (38 वर्ष) ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और गुस्से में किराये के मकान में रखे घरेलू सामान में माचिस से आग लगा दी।आगजनी की घटना में पलंग, गद्दा, दीवान, आलमारी, फ्रिज, कूलर, कपड़े सहित करीब एक लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
🟠आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी जय जान केरकेट्टा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(जी), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को 3 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।












