न्यूज डेस्क,रायगढ़,छत्तीसगढ़,8जुलाई2026
रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी अधोसंरचना विकास को नई गति देने के लिए,वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य तय समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
🟠विजयपुर में बनेगा 16 करोड़ का अत्याधुनिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
वित्त मंत्री ने विजयपुर में प्रस्तावित 16 करोड़ रुपये की लागत वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की डिजाइन और ड्राइंग में भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सुधार कर संशोधित प्रस्ताव जल्द स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। परियोजना पूरी होने के बाद रायगढ़ जिले के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
🟠केलो नदी किनारे बनेगा 30 करोड़ का मैरीन ड्राइव
इसके बाद मंत्री ने केलो नदी के खर्रा घाट पर प्रस्तावित 30 करोड़ रुपये की मैरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण किया। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस परियोजना में घाट का सौंदर्यीकरण, गज़ीबो, आरसीसी पाथवे, आकर्षक लाइटिंग, प्रोमेनेड, फूड कोर्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि यह परियोजना भविष्य में रायगढ़ की नई पहचान बनेगी, इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
🟠पुराने जेल परिसर में बनेगा आधुनिक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स
वित्त मंत्री ने पुराने जेल परिसर का भी निरीक्षण किया, जहां जर्जर भवन हटाकर आधुनिक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, जनप्रतिनिधि विजय अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












