न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,8जुलाई 2026
हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने और कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे,इसी उद्देश्य के साथ सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड में शाला प्रवेश उत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। सामुदायिक भवन लुंड्रा में आयोजित कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। पूरे कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों के चेहरे पर नए शैक्षणिक सत्र की खुशी साफ दिखाई दी।
🟠मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा ₹25-25 हजार का प्रोत्साहन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने बताया,कि उनके विधानसभा क्षेत्र के अंबिकापुर, लुंड्रा और लखनपुर तीनों विकासखंडों में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती हैं,ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की और विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
🟠हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। अधिकारियों ने बताया,कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का जनअभियान हैं। इसी उद्देश्य से जिले के सभी स्कूलों में प्रवेश उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उल्लासपूर्ण माहौल में हुई।












