न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,11जुलाई2026
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने,एक व्यक्ति की जान ले ली। घर बनाने और जमीन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में लखनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम तिरकेला निवासी कामेश्वर मझवार और फुटकू मझवार के बीच जमीन और घर बनाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी फुटकू मझवार ने गुस्से में, आकर कामेश्वर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले लखनपुर अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां 27 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्यात्मक चोटें पाई गईं। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी फुटकू मझवार (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया,कि गुस्से में उसने मृतक के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।












