अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,15जुलाई 2026
जिले के बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने, बाल सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज कर दिया हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोधा और शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय कछिया में विशेष बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया,कि सुरक्षित बचपन उनका अधिकार हैं। यदि कोई व्यक्ति उनके साथ अनुचित व्यवहार करता है या वे किसी भी प्रकार के शोषण अथवा असहज स्थिति का सामना करते हैं, तो बिना डर या झिझक अपने माता-पिता, शिक्षकों या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर तुरंत संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान कराई गई तथा उन्हें किसी भी गलत घटना की, जानकारी समय पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे से दूर रहने, बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया।जिला प्रशासन का कहना हैं,कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसके अधिकारों के प्रति सजग बनाना, आत्मविश्वास बढ़ाना और सुरक्षित बचपन के साथ सशक्त भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना हैं।












