न्यूज डेस्क,छाल,छत्तीसगढ़,17जुलाई2026
शिक्षा को बढ़ावा देने और मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की दिशा में,ग्राम पंचायत बनहर की अनूठी पहल देखने को मिली। संकुल केंद्र बनहर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में,शिक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 19 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
🟠सरपंच ने निभाया अपना वादा
ग्राम पंचायत बनहर के सरपंच हलधर राम सिदार ने, शाला प्रवेश उत्सव के दौरान घोषणा की थी,कि कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से, अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सम्मान समारोह में उन्होंने अपनी घोषणा पूरी करते हुए पात्र विद्यार्थियों को सांसद के हाथों सम्मानित कराया।
🟠5वीं और 8वीं के होनहारों को भी मिला सम्मान
इस पहल का दायरा केवल बोर्ड परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहा। पंचायत क्षेत्र के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 5वीं और 8वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी ₹1-1 हजार की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। कुल 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
🟠 ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। सांसद राधेश्याम राठिया सहित जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
🟠सांसद बोले मेधावियों का सम्मान दूसरों के लिए भी प्रेरणा
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा,कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना सराहनीय पहल हैं। इससे अन्य छात्रों में भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी और शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनेगा।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रजनी राठिया, मंडल अध्यक्ष डोलनारायण पटेल, बीडीसी प्रतिनिधि गीता शुभम अग्रवाल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, रोहिणी चंद्रा, उपसरपंच, शाला विकास समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












