न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,19जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने चर्चित आत्महत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए,सूदखोरी और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। जांच में सामने आया,कि आरोपी मृतक को ऊंची ब्याज दर पर रकम देकर लगातार मूलधन और ब्याज की वसूली के लिए दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा था। पुलिस ने सुसाइड नोट, बैंक लेन-देन और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
🟠सुसाइड नोट बना सबसे अहम सबूत
कोतवाली थाना में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान पुलिस को मृतक संदीप अग्रवाल का सुसाइड नोट मिला। इसके बाद परिजनों, गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल कॉल डिटेल की गहन जांच की गई।जांच में पाया गया,कि आरोपी पंकज चौधरी और मृतक के बीच लगातार पैसों का लेन-देन और बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी अत्यधिक ब्याज पर रकम देकर लगातार वसूली का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था। मृतक ने इन बातों का जिक्र अपने सुसाइड नोट में किया था तथा घटना से पहले अपने पिता और पत्नी को भी अपनी परेशानी बताई थी।
🟠डीआईजी के निर्देश पर विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए,डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने, आरोपी पंकज चौधरी (50 वर्ष), निवासी दर्रीपारा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 351(3) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।
🟠सूदखोरी और अवैध वसूली करने वालों को सख्त चेतावनी
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया हैं,कि अत्यधिक ब्याज वसूलकर लोगों का आर्थिक और मानसिक शोषण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी,ताकि कोई भी व्यक्ति सूदखोरी और धमकी का शिकार न हो।












