न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,21जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने गुमशुदा नाबालिगों की तलाश में एक बार,फिर संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया हैं। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से लापता हुए,एक नाबालिग बालक को सुरक्षित बरामद कर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अंबिकापुर के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, एक अन्य मामले में घर से लापता नाबालिग को भी कुछ ही समय में सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंप दिया गया।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर,जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गुम नाबालिगों की प्राथमिकता के आधार पर तलाश कर सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली।
🟠रेलवे स्टेशन से लापता हुआ था मासूम
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी,कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से उसका नाबालिग पुत्र किसी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर लापता हो गया हैं। शिकायत पर थाना गांधीनगर में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत शून्य पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🟠ग्रामीणों की सतर्कता बनी मिसाल
इसी दौरान ग्राम गांझाडांड के कुछ ग्रामीणों को एक नाबालिग बालक लावारिस हालत में मिला। ग्रामीणों ने, मानवता का परिचय देते हुए,बच्चे को अपने संरक्षण में रखा और आसपास उसके परिजनों की तलाश की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो वे बच्चे को सुरक्षित चौकी रघुनाथपुर लेकर पहुंचे।पुलिस ने बच्चे का मिलान रेलवे स्टेशन से गुम हुए बालक के विवरण से कराया। इसके बाद आरपीएफ अंबिकापुर ने उसकी पहचान की पुष्टि की और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नाबालिग को अपने सुपुर्द ले लिया।
🟠पढ़ाई से बचने के लिए घर में ही छिपा था दूसरा नाबालिग
एक अन्य मामले में एमजी रोड,अंबिकापुर निवासी व्यक्ति ने अपने नाबालिग बेटे के घर से लापता होने की सूचना थाना गांधीनगर में दी। सूचना मिलते ही,पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की और कुछ ही समय में बालक को उसके ही घर में सुरक्षित बरामद कर लिया।पूछताछ में नाबालिग ने बताया,कि वह पढ़ाई से बचने के लिए घर में ही छिप गया था। इसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
🟠संवेदनशील पुलिसिंग की सराहना
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सुनीता मिंज, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने कहा,कि गुम नाबालिगों से जुड़े मामलों में भविष्य में भी सर्वोच्च प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।












