अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,21जुलाई 2026
महिलाओं के विरुद्ध साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में,शंकरगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए,करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी पर एक महिला की अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने,बदनाम करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🟠भरोसे का फायदा उठाकर किया ऑनलाइन उत्पीड़न
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में, पीड़िता ने थाना शंकरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी, कि ग्राम बसेरा निवासी अजय कुमार रवि (22 वर्ष) पहले उनके घर में ड्राइवर के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान उसकी पहचान परिवार से हुई। बाद में आरोपी ने महिला की निजी जिंदगी से जुड़ी अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री मोबाइल पर भेजकर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया।पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार अश्लील मैसेज भेजता था और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसके पति को जान से मारने की धमकी भी देता था। आरोपी की हरकतों से पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।
🟠मामला दर्ज होते ही शुरू हुई तलाश
महिला की शिकायत के आधार पर थाना शंकरगढ़ में, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की, धारा 67 एवं 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार होकर पुलिस से बचता रहा और अपना ठिकाना बदलता रहा। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।
🟠मुखबिर की सूचना पर घर से दबोचा
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।21 जुलाई 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🟠साइबर अपराध पर पुलिस का सख्त संदेश
शंकरगढ़ पुलिस ने कहा,कि महिलाओं की निजता भंग करना, अश्लील सामग्री प्रसारित करना,सोशल मीडिया या मोबाइल के माध्यम से ब्लैकमेल करना और ऑनलाइन उत्पीड़न करना गंभीर अपराध हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील की हैं,कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, मोबाइल या किसी अन्य डिजिटल माध्यम से ब्लैकमेल, धमकी या अश्लील सामग्री भेजकर परेशान करता हैं, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें। समय पर शिकायत करने से अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई संभव हो सकेगी।












