अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,24जुलाई 2026
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम कोठली में,हरित विकास और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने के उद्देश्य से,वृहद पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी रामजी) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एक ही स्थल पर 1,717 नाशपाती के पौधे लगाए गए। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए भविष्य में आय का स्थायी स्रोत भी बनेगी।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
🟠पर्यावरण संरक्षण के साथ मिलेगा रोजगार
कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने, पौधरोपण करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा,कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बनेगा। इससे हरित विकास और सतत आजीविका को मजबूती मिलेगी।
🟠स्वयं सहायता समूह संभालेंगे पौधों की जिम्मेदारी
अभियान की सबसे खास बात यह रही,कि पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी जाएगी। इससे पौधों के संरक्षण के साथ महिलाओं को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर भी मिलेगा।
🟠बेटी के नाम लगाया पौधा,दिया प्रेरक संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्राम कोठली की प्रभावती दिवाकर ने अपनी बेटी ऋषिका रवि के नाम पर नाशपाती का पौधा लगाया। उन्होंने कहा,कि जिस तरह वह अपनी बेटी की देखभाल करती हैं,उसी तरह इस पौधे का भी पालन-पोषण करेंगी ताकि यह भविष्य में फल देकर बेटी के साथ प्रकृति का उपहार भी बने।
🟠विद्यार्थियों ने भी निभाई जिम्मेदारी
स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में, हिस्सा लिया। कक्षा 10वीं की छात्रा गायत्री पैकरा ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा,कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी हैं।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, जनपद अध्यक्ष चिंतामणि भगत, सरपंच पुष्पा पैकरा, जनपद सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, सहायक संचालक उद्यान कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












