न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,28जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से, शराब और नगदी की मांग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं। थाना गांधीनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए,त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी हैं।
🟠ACB अधिकारी बनकर किया था कॉल
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई,कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताते हुए फोन किया।फोन करने वाले ने कहा,कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और उनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही हैं। उसने तत्काल 6 बोतल शराब और नकद राशि उपलब्ध कराने का दबाव बनाया।आबकारी अधिकारी को बातचीत संदिग्ध लगी, इसलिए उन्होंने न तो शराब दी और न ही कोई राशि उपलब्ध कराई। इसके बाद तत्काल गांधीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
🟠तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए,थाना गांधीनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सौरभ प्रजापति (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों राजेशपुरी गोस्वामी (43 वर्ष) और रंजीत गुप्ता (40 वर्ष) के साथ मिलकर योजना बनाई थी कि शराब बिना पैसे लिए हासिल की जाए।
🟠ACB अधिकारी बनकर बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले योजना बनाई, फिर सौरभ प्रजापति ने मोबाइल से कॉल कर स्वयं को ACB अधिकारी बताया और निरीक्षण का हवाला देकर आबकारी अधिकारी पर शराब और नगदी देने का दबाव बनाया।हालांकि आबकारी अधिकारी की सतर्कता के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
🟠तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों—
सौरभ प्रजापति,राजेशपुरी गोस्वामी, रंजीत गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य तथ्यों और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
🟠अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी
सरगुजा पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों एवं शासकीय अधिकारियों को धोखाधड़ी, फर्जी पहचान और ठगी के माध्यम से गुमराह करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की हैं,कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर धन, सामान या अन्य लाभ की मांग करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।











