अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2अगस्त2026
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत बलरामपुर जिले में जिला स्तरीय जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा,कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।”
🟠200 से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
जिले में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। उपस्थित युवाओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया।
🟠युवाओं से सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
🟠अपर कलेक्टर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.एन. पांडेय ने, उपस्थित सभी युवाओं को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस जनआंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनी राम यादव, खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर, प्राचार्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा उपस्थित रहे।












