अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10अगस्त2026
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में,राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से जिला पुलिस बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा सोमवार को साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में, स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।साइक्लोथॉन में बलरामपुर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम तथा सरस्वती शिशु मंदिर बलरामपुर के विद्यार्थी शामिल रहे।
🟠हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को किया रवाना
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया। साइक्लोथॉन पुलिस लाइन परेड ग्राउंड बलरामपुर से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए हाई स्कूल खेल मैदान बलरामपुर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।साइकिलों पर सवार विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शहर का भ्रमण करते हुए आम लोगों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
🟠एकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
साइक्लोथॉन में शामिल विद्यार्थियों ने लोगों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। विद्यार्थियों ने साइकिलिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य केवल साइकिल रैली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा।
🟠पुलिस अधिकारियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।साइक्लोथॉन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। विद्यार्थियों ने साइकिलिंग के जरिए यह संदेश दिया,कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण हैं।












