Nexis News

बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 : नक्सल प्रभावित गांवों तक पहुंचेगी बाइक रैली, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे शामिल

डेनियल सेप्टी,बस्तर,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में, राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा हैं। 12 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे। मोटरसाइकिलों के जरिए निकलने वाली यह यात्रा उन गांवों और क्षेत्रों तक पहुंचेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं और अब शांति, सुरक्षा एवं विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

🟠शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि और मिट्टी का संग्रहण

यात्रा के दौरान नक्सल हिंसा में शहीद जवानों और नागरिकों की स्मृति में विभिन्न शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ दो मिनट का मौन रखा जाएगा और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। शहीद स्थलों की मिट्टी को भी श्रद्धापूर्वक संग्रहित कर भविष्य में प्रस्तावित शहीद संग्रहालय में सुरक्षित रखा जाएगा।

🟠महिला बाइकर्स भी होंगी शामिल

बस्तर तिरंगा यात्रा में महिला बाइकर्स की विशेष भागीदारी रहेगी। विभिन्न जिलों से बाइक राइडर्स के साथ स्थानीय युवा, महिला समूह, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठन और जनप्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल होंगे।

🟠नारायणपुर से शुरू होकर कुर्रेगुट्टालु तक पहुंचेगी यात्रा

12 अगस्त को तिरंगा यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, कोड़ेनार, बोदली, सातधार, बारसूर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी। 13 अगस्त को यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। 14 अगस्त को बीजापुर से आगे बढ़ते हुए यात्रा कुर्रेगुट्टालु पहाड़ी पहुंचेगी, जहां तिरंगा फहराया जाएगा।

🟠‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान

यात्रा के दौरान शहीद स्थलों पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं से संवाद, नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

🟠बस्तर की संस्कृति और विकास की दिखेगी झलक

तिरंगा यात्रा के दौरान बस्तर की पारंपरिक संस्कृति, लोकनृत्य और देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ विकास प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल सेवाओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। पुनर्वासित युवाओं की सफलता की कहानियां भी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का उद्देश्य शहीदों को नमन करने के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और बस्तर में शांति, विश्वास एवं विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!