न्यूज डेस्क,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
कुसमी नगर में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए,एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के साथ विवाद के बाद उसके सिर पर कुंदरी से वार कर हत्या कर दी थी। मामले में थाना कुसमी पुलिस ने आरोपी रतन नगेशिया पिता गोदा उर्फ गोपाल, निवासी गमहाडिह, थाना शंकरगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया हैं।
🟠घर में अकेली मिली थी महिला
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को प्रार्थिया संतोषी बरगाह, निवासी थानापारा कुसमी, ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया,कि उनकी मां सरस्वती बरगाह पिछले करीब एक वर्ष से शिवाई कॉलोनी, कुसमी स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं।4 जुलाई की सुबह जब संतोषी अपनी मां से मिलने घर पहुंचीं तो घर का दरवाजा बाहर से सिकड़ी लगा हुआ था। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर उनकी मां सरस्वती बरगाह खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। जांच के दौरान महिला की मौत हो चुकी थी।
🟠हत्या का मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर गंभीर चोट पहुंचने से हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के परिचित रतन नगेशिया के संबंध में पुलिस को संदेह हुआ।
🟠पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी रतन नगेशिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार किया।आरोपी ने पुलिस को बताया,कि वह कुसमी में रहकर मजदूरी का काम करता था। पिछले करीब 7-8 महीनों से उसकी सरस्वती बरगाह से जान-पहचान थी। दोनों एक-दूसरे के घर आते-जाते थे। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान सरस्वती बरगाह और एक अन्य महिला के बीच विवाद को लेकर उसे शक हुआ।पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 की शाम आरोपी और सरस्वती बरगाह के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने घर के अंदर रखी कुंदरी से सरस्वती बरगाह के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया।
🟠हत्या में प्रयुक्त हथियार और कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुंदरी और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं। मामले में आरोपी रतन नगेशिया के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई हैं।
🟠पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












