अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,15अगस्त2026
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान जवानों और विद्यार्थियों के आकर्षक मार्चपास्ट के साथ स्कूली बच्चों की देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं।
🟠जवानों और विद्यार्थियों ने दिखाया अनुशासन और जोश
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन और परेड टू आईसी सूबेदार रक्षित केंद्र ज्योति साहू के नेतृत्व में,विभिन्न टुकड़ियों ने देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए मार्चपास्ट किया। जवानों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय तिरंगे तथा मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज को पूरे जोश और उत्साह के साथ सलामी दी।सीनियर वर्ग में विभिन्न पुलिस, सशस्त्र बल, नगर सेना और वन विभाग की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं जूनियर वर्ग में एनसीसी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जोसेफ स्कूल और स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट में भाग लिया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
🟠सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिखी छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति
समारोह के दूसरे चरण में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशप्रेम, भाईचारा, पर्यावरण संरक्षण और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय भेलवाडीह ने आजादी की वीर गाथा, न्यू ईरा पब्लिक स्कूल रामानुजगंज ने बलरामपुर की प्राकृतिक धरोहर और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह ने ‘जय जवान, जय किसान’ की प्रस्तुति दी।शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के विद्यार्थियों ने ‘छत्तीसगढ़ी नृत्य आजादी का तिहार’ प्रस्तुत किया। वहीं संत जोसेफ मिशन स्कूल के विद्यार्थियों ने जुम्बा पीटी के जरिए योग, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का संदेश दिया।
🟠‘एक पेड़ मां के नाम’ से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बच्चों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और लोकगीतों की धुन पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
🟠मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेताओं को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को, मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने शील्ड देकर सम्मानित किया।सीनियर वर्ग के मार्चपास्ट में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 4वीं वाहिनी डी कंपनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 10वीं वाहिनी डी कंपनी दूसरे और 11वीं वाहिनी बी कंपनी तीसरे स्थान पर रही। जिला पुलिस बल महिला तथा नगर सेना पुरुष ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर प्रथम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बलरामपुर द्वितीय और संत जोसेफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर तृतीय स्थान पर रहा।वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय भेलवाडीह ने प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह ने द्वितीय और न्यू ईरा पब्लिक स्कूल रामानुजगंज ने तृतीय स्थान हासिल किया।
🟠उत्कृष्ट कार्य के लिए 42 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
समारोह के अंतिम चरण में जिले के विभिन्न विभागों में, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 42 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि चिंतामणि महाराज ने प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति, अनुशासन, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ देखने को मिला। जवानों के शानदार मार्चपास्ट और विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।












