रामानुजगंज में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी : मंदिरों में गूंजे ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे, आकर्षक श्रृंगार व विशेष भोग रहे मुख्य आकर्षण

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,6सितंबर2026

नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट,आकर्षक श्रृंगार, विशेष भोग और देर रात तक चले संकीर्तन ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। मध्यरात्रि को भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ ही मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठे।

🟠प्रमुख मंदिरों में दिनभर रही भक्तों की भीड़, दिखा सामूहिक सहयोग

🔸️श्री राम मंदिर : मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी रोशनी और सुगंधित फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। भगवान के बाल स्वरूप का मनोहारी श्रृंगार दर्शनार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा। यहां आयोजन की भव्यता और व्यवस्था को सुचारू बनाने में नवयुवक दुर्गा पूजा संघ के सदस्यों का सराहनीय योगदान व सक्रिय सहयोग देखने को मिला।

🔸️राणी सती दादी मंदिर स्थित राधा कृष्ण मंदिर: दादी मंदिर परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विशेष झांकी सजाई गई थी। कार्यक्रम के गरिमामय और सफल आयोजन में नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के विशेष मार्गदर्शन व सक्रिय सहभागिता के साथ-साथ सभी श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग रहा।

🔸️राधा कृष्ण मंदिर: मंदिर में कन्हैया के जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। भगवान को विविध प्रकार के मिष्ठानों और फलों का महाभोग अर्पित किया गया। व्यवस्था संचालन और पूजा-अर्चना के संयोजन में अनूप गुप्ता सहित मंदिर से जुड़े प्रबुद्धजनों व सहयोगियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

🔸️हनुमान मंदिर: संकटमोचन हनुमान मंदिर में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां सुंदरकांड पाठ और भजनों की अविरल धारा बहती रही।

🟠मध्यरात्रि में हुआ महाभिषेक और महाआरती

घड़ी की सुइयां 12 पर पहुंचते ही शंख, घड़ियाल और नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान का जन्मोत्सव हुआ। पंचामृत से बाल गोपाल का अभिषेक कर विशेष आरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच माखन-मिश्री, पंजीरी और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया।

🟠भजन-कीर्तन पर झूमे श्रद्धालु

उत्सव के दौरान स्थानीय भजन मंडलियों और महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत कर्णप्रिय भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते रहे। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवा समितियों और नगरवासियों के परस्पर सहयोग से पूरे नगर में जन्मोत्सव का पर्व शांति, सौहार्द और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें