न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,13नवंबर2026
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भाजपा के, दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला गरमा गया हैं। घटना को लेकर जिला प्रेस क्लब ने कड़ा विरोध जताते हुए,भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से पत्रकारों और प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा देने की मांग की हैं। प्रेस क्लब ने दो टूक फैसला लिया हैं,कि जब तक माफीनामा नहीं दिया जाता,तब तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक,सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा।
🟠दीपावली मिलन समारोह में विवाद के बाद बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार,9 नवंबर को भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। इसी घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार जब वीडियो बना रहे थे,तब उनके मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया।पत्रकारों का आरोप हैं, कि भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोगों ने उनका मोबाइल बंद कराने और छीनने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी बढ़ गई और मामला जिला प्रेस क्लब तक पहुंच गया।
🟠प्रेस क्लब ने बैठक कर जताया विरोध
घटना को गंभीरता से लेते हुए,जिला प्रेस क्लब ने बैठक आयोजित की और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल और प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से विद्यावती सिदार से पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत कराने की मांग की गई हैं।प्रेस क्लब का कहना हैं,कि पत्रकार किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में अपने पेशेगत दायित्वों का निर्वहन करते हुए घटनाओं की कवरेज करते हैं। ऐसे में उनके काम में बाधा डालना और मोबाइल छीनने का प्रयास करना पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय हैं।
🟠माफीनामा नहीं तो कार्यक्रमों का बहिष्कार
जिला प्रेस क्लब ने अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि जब तक विद्यावती सिदार की ओर से लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं किया जाता, तब तक क्लब के सदस्य उनकी मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे।
🟠भाजपा संगठन के फैसले पर टिकी नजरें
इस मामले में प्रेस क्लब ने भाजपा संगठन से भी हस्तक्षेप की मांग की हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा और भाजपा संगठन मंत्री को भेजकर पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेने तथा उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई हैं।अब इस मामले में भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और आगे उठाए जाने वाले कदमों पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं जिला प्रेस क्लब अपने फैसले पर कायम रहते हुए लिखित माफीनामे की मांग कर रहा हैं।












