बलरामपुर में शिक्षकों की मनमानी पर कलेक्टर का शिकंजा, VSK ऐप पर रोज लगानी होगी हाजिरी,बिना सूचना गैरहाजिरी पर रुकेगा वेतन

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,13 नवंबर2026

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हैं। अब जिले के सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रतिदिन विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बिना सूचना अनुपस्थित रहने और उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने साफ किया हैं, कि स्कूलों में अनुशासन और जवाबदेही से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए,कि केवल उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार करना पर्याप्त नहीं हैं,बल्कि स्कूलों में नियमित पढ़ाई और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार दिखाई देना चाहिए। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में VSK ऐप से उपस्थिति, अवकाश व्यवस्था,बोर्ड परीक्षा की तैयारी, कमजोर परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों और विद्यार्थियों के पंजीयन सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।

🟠VSK ऐप पर रोजाना हाजिरी, बीईओ की होगी सीधी जवाबदेही

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया,कि प्रत्येक शिक्षक और स्कूल कर्मचारी की रोजाना उपस्थिति VSK ऐप पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा,कि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) स्वयं ऐप में लॉगिन कर अपने विकासखंड के सभी स्कूलों की उपस्थिति की स्थिति प्रतिदिन जांचेंगे। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले या VSK ऐप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, बीईओ, प्राचार्यों और आहरण-संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को निर्देश दिए, कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आवश्यकतानुसार संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोका जाए।🟠बिना मंजूरी छुट्टी पर रहना पड़ेगा भारी

कलेक्टर ने अवकाश व्यवस्था में भी पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि किसी कर्मचारी के छुट्टी पर रहने की स्थिति में उसके आवेदन पर तत्काल निर्णय लिया जाए। अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत होने की जानकारी VSK ऐप में भी दर्ज की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया,कि बिना अवकाश स्वीकृत कराए स्कूल से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। इसके साथ ही विभागीय ऑनलाइन रिकॉर्ड को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सभी डीडीओ को कहा गया हैं,कि सेवानिवृत्त, दिवंगत और स्थानांतरित कर्मचारियों के नाम cgschool.in पोर्टल और VSK ऐप से तत्काल हटाए जाएं, ताकि उपस्थिति व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

🟠नेटवर्क नहीं होने पर भी लगेगी हाजिरी, ऐप में जुड़ी नई सुविधा

बैठक में दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र निरापुरे ने बताया,कि स्कूल शिक्षा विभाग ने सीजीवीएसके ऐप को अपग्रेड कर दिया हैं। इसमें अब ऑफलाइन मोड और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध हैं।इस नई व्यवस्था के तहत शिक्षक इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने पर भी स्कूल परिसर में चेक-इन कर सकेंगे। उपस्थिति की तारीख, समय, बायोमेट्रिक सत्यापन और जीपीएस लोकेशन का डेटा मोबाइल में सुरक्षित रहेगा। नेटवर्क उपलब्ध होते ही यह जानकारी अपने आप मुख्य सर्वर से सिंक हो जाएगी। इससे नेटवर्क की समस्या के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं होने की परेशानी दूर होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया,कि अब इंटरनेट नहीं होने का हवाला देकर हाजिरी से बचना संभव नहीं होगा।🟠बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए मिशन आचार्य पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मिशन आचार्य के तहत स्कूलों में स्टडी कॉर्नर विकसित करने और विद्यार्थियों में प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट पढ़ने की आदत डालने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों कक्षाओं का पाठ्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।कक्षा 9वीं से 12वीं तक के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए,कलेक्टर ने कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों की पहचान कर उनके लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को अध्यायवार पढ़ाई कराने, ब्लूप्रिंट के आधार पर उत्तर लेखन का अभ्यास कराने और प्रत्येक सप्ताह टेस्ट सीरीज आयोजित करने पर जोर दिया गया। टेस्ट के परिणामों का नियमित विश्लेषण कर कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।इसके अलावा अतिरिक्त कक्षाएं, विशेष शिक्षण गतिविधियां और विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अपार आईडी के तहत सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन पूरा कराने के भी निर्देश दिए।

🟠स्कूलों में औचक निरीक्षण, आगामी बैठक में दिखना चाहिए सुधार

कलेक्टर ने कहा,कि स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी हैं। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग के साथ औचक निरीक्षण भी किए जाएं। स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने और पढ़ाई का बेहतर माहौल तैयार करने के लिए अधिकारी अपने प्रशासनिक अधिकारों का प्रभावी उपयोग करें।बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए अनावश्यक अवकाश पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा,कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की प्राथमिकता हैं। इसके लिए प्राचार्य, शिक्षक और विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। आगामी समीक्षा बैठक में प्रत्येक स्कूल की उपस्थिति,विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन और परीक्षा परिणामों में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र निरापुरे, सहायक जिला परियोजना अधिकारी ओम प्रकाश गुप्ता, डीपीओ साक्षर भारत हीरालाल पटवा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें