अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ मैदान में उतरा प्रशासन,सारंगवा में ग्रामीणों को किया जागरूक

अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,13नवंबर2026

अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से,बलरामपुर जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की हैं। पस्ता क्षेत्र के ग्राम सारंगवा में अंधविश्वास और भ्रांतियों से जुड़ा मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए,ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अंधविश्वास के दुष्परिणामों से अवगत कराना, महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करना और गांव में टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा तथा बाल विवाह जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना हैं।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ग्राम पंचायत सारंगवा के पंडोपारा पहुंची। यहां ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें सामाजिक कुरीतियों, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि समाज में फैली भ्रांतियों और अंधविश्वास के कारण किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं के साथ भेदभाव या प्रताड़ना करना स्वीकार्य नहीं हैं।

🟠टोनही बताकर महिलाओं को प्रताड़ित करना गंभीर अपराध

जागरूकता कार्यक्रम में टोनही प्रताड़ना के विषय पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया,कि किसी महिला को टोनही बताकर अपमानित करना, धमकाना, मारपीट करना या सामाजिक रूप से बहिष्कृत करना गंभीर अपराध हैं। अंधविश्वास के आधार पर महिलाओं को निशाना बनाने से न केवल उनके सम्मान और अधिकारों का हनन होता हैं,बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता हैं।ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी बीमारी, दुर्घटना या पारिवारिक परेशानी को जादू-टोना अथवा किसी महिला से जोड़कर न देखें। ऐसी परिस्थितियों में अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय वैज्ञानिक सोच अपनाएं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लें।🟠घरेलू हिंसा और दहेज के खिलाफ भी किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया,कि महिलाओं के साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और अन्य प्रकार का उत्पीड़न कानूनन अपराध हैं। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी तरह की हिंसा या प्रताड़ना को चुपचाप सहन नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि ऐसी घटनाओं की जानकारी समय पर संबंधित विभागों तक पहुंचाना जरूरी हैं,ताकि पीड़ितों को सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

🟠बाल विवाह रोकने और बेटियों की शिक्षा पर दिया जोर

बाल विवाह की सामाजिक और कानूनी गंभीरता को समझाते हुए अधिकारियों ने कहा,कि कम उम्र में विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता हैं। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए परिवार और समाज दोनों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हैं।इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए,ग्रामीणों से बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षित बेटियां ही एक जागरूक और मजबूत समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

🟠झाड़-फूंक के बजाय चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील

अधिकारियों ने ग्रामीणों को विशेष रूप से समझाया,कि बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद न करें। ऐसी स्थिति में नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या योग्य चिकित्सक से उपचार कराना चाहिए। इसके साथ ही किसी भी महिला के साथ टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न अथवा बाल विवाह जैसी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या महिला एवं बाल विकास विभाग को देने की अपील की गई।

🟠ग्रामीणों ने कुरीतियों को खत्म करने में सहयोग का दिया भरोसा

प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का सकारात्मक सहयोग मिला। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अंधविश्वास और सामाजिक कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाने तथा प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक चेतना बढ़ाने और महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रभारी परियोजना अधिकारी, महिला संरक्षण अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें