संदिली सिंह,रायपुर,1अगस्त2025|विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज, संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित “अमृत रजत” महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता दिया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार के विकास योजनाओं, प्राथमिकताओं और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी।
🟠महत्वपूर्ण बिंदु :
🔸️ ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज़ की प्रस्तुति:
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य ने ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज़ तैयार किया है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को दृष्टिगत रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, नवाचार, उद्योग और पर्यावरण के क्षेत्र में, सुधार और नवाचार को बढ़ावा देता है।
🔸️जन विश्वास विधेयक (2025):
केंद्र सरकार के “जन विश्वास अधिनियम 2023” से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने “जन विश्वास विधेयक 2025” पारित किया है, जिससे न्याय प्रणाली अधिक पारदर्शी बनी है, और नागरिकों को सुविधाजनक और सरल न्याय सुलभ हुआ है।
🔸️ राजधानी का स्मार्ट विकास:
मुख्यमंत्री ने बताया कि, छत्तीसगढ़ राज्य राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCRDA) के माध्यम से नवा रायपुर को एक स्मार्ट, योजनाबद्ध और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
🔸️औद्योगिक निवेश में अभूतपूर्व बढ़ोतरी:
2024 में लागू नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत राज्य में निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ी है।सिंगल विंडो सिस्टम के कारण, उद्योगों की स्थापना आसान और पारदर्शी हुई है। अब तक 84 कंपनियों से ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं ,(नवंबर 2024 – जुलाई 2025 के बीच)।1000 से अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
🔸️ तकनीकी और औद्योगिक हब की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़:
राज्य में देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव रखी गई है, और एआई डेटा सेंटर का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। टेक्सटाइल, फार्मा, रेडीमेड गारमेंट और आईटी सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
🔸️शिक्षा में नवाचार और डिजिटलीकरण:
मुख्यमंत्री ने बताया कि, शिक्षकों और विद्यालय के युक्तियुक्तकरण से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों व प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
🔸️हेल्थ और एजुकेशन के क्षेत्र में नई परियोजनाएं:
‘मेडिसिटी’ और ‘एडु सिटी’ जैसी दो महत्त्वाकांक्षी परियोजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। मेडिसिटी छत्तीसगढ़ को मेडिकल हब के रूप में स्थापित करेगी, और बड़े स्तर पर रोज़गार सृजन भी होगा।
🔸️ नक्सल क्षेत्रों में लौट रहा विश्वास:
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की संवेदनशील और दूरदर्शी नीतियों के चलते बड़ी संख्या में, नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और संचार जैसी सुविधाओं का तीव्र विकास हुआ है।
👉मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की ओर अग्रसर है और उनकी उपस्थिति से राज्य का गौरव और भी बढ़ेगा।












